Drug Cartel Exposed : छत्तीसगढ़ के हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल से पर्दा उठा…! रायपुर की इंटीरियर डिजाइनर मुंबई से गिरफ्तार

Drug Cartel Exposed : छत्तीसगढ़ के हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल से पर्दा उठा…! रायपुर की इंटीरियर डिजाइनर मुंबई से गिरफ्तार

रायपुर, 31 अगस्त। Drug Cartel Exposed : राजधानी रायपुर में एक हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने नाइट पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह की महिला सदस्य को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती की पहचान नव्या मलिक के रूप में हुई है, जो पेशे से एक इंटीरियर डिजाइनर है और रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र की निवासी है।

ऐसे हुआ खुलासा

23 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे एक कार में सवार तीन युवकों, हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई (हिसार, हरियाणा), और दीप धनोरिया को गिरफ्तार किया था।

इनके पास से 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, एक सोनेट कार, ₹85,300 नकद, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।

युवती की भूमिका आई सामने

पूछताछ में मोनू विश्नोई ने कबूल किया कि वह ड्रग्स दिल्ली से रायपुर लाया था और इन्हें हर्ष आहूजा, दीप धनोरिया और एक स्थानीय युवती की मांग पर लाया गया था। इसी कड़ी में पुलिस को नव्या मलिक का नाम मिला, जिसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से 1 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, ड्रग सप्लाई का रैपर, और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

क्या है नव्या मलिक का रोल?

नव्या मलिक, जो रायपुर में एक इंटीरियर डिजाइनर के रूप में काम करती है, अक्सर मुंबई आना-जाना करती थी। पुलिस को संदेह है कि वह नाइट पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई कराने में एक्टिव भूमिका निभा रही थी। गिरफ्तार युवक हर्ष आहूजा उसका पड़ोसी है, और पुलिस को आशंका है कि दोनों मिलकर गिरोह को ऑपरेट कर रहे थे।

3 दिन की रिमांड पर नव्या

फिलहाल पुलिस ने नव्या को 3 दिन की रिमांड पर लिया है। अब जांच इस दिशा में जारी है कि, ड्रग्स की आपूर्ति श्रृंखला में कितने लोग शामिल हैं? क्या मुंबई, दिल्ली और पंजाब में भी इससे जुड़े नेटवर्क फैले हुए हैं? और रायपुर में किन हाई प्रोफाइल पार्टियों में यह ड्रग्स पहुंचाई जाती थी?

इस खुलासे ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ (Drug Cartel Exposed) में बढ़ते ड्रग नेटवर्क और युवाओं के बढ़ते जुड़ाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस आगे किन चेहरों को बेनकाब करती है और इस गिरोह की जड़ें कितनी गहरी हैं।

About The Author

जुर्म