MLA ने डांडिया नाइट में कुर्ता उठाकर किया ‘ढिंका चिका’ डांस…! समर्थकों ने रोका तो कस के मारा थप्पड़…यहां देखें Video

MLA ने डांडिया नाइट में कुर्ता उठाकर किया ‘ढिंका चिका’ डांस…! समर्थकों ने रोका तो कस के मारा थप्पड़…यहां देखें Video

पटना, 29 सितंबर। MLA : बिहार की राजनीति में अक्सर अपने बेबाक बयानों और विवादित हरकतों के चलते सुर्खियों में रहने वाले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार उनका एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच पर डांस करते हुए एक समर्थक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।

बेटे के रेस्टोरेंट में आयोजित था कार्यक्रम

यह वीडियो विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल के रेस्टोरेंट में आयोजित एक डांडिया नाइट कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही डीजे पर ‘ढिंका चिका, ढिंका चिका’ गाना बजता है, विधायक मंच पर चढ़कर मस्ती में झूमने लगते हैं। इस दौरान वे इतना उत्साहित हो जाते हैं कि अपना कुर्ता उठाकर डांस करने लगते हैं।

समर्थक को मंच पर जड़ा थप्पड़

डांस के दौरान एक समर्थक ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो विधायक ने सार्वजनिक मंच पर ही उस समर्थक को जोरदार थप्पड़ मार दिया। यह नजारा देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, और लोग विधायक के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे ‘अशोभनीय’ करार दिया है तो कुछ ने इसे ‘राजनीति का गिरता स्तर’ बताया है।

पहले भी रहे हैं विवादों में

गौरतलब है कि गोपाल मंडल इससे पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं। ट्रेन में अंडरवियर पहनकर घूमने का उनका एक पुराना वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। इसके अलावा वह अपने तीखे बयानों और अप्रत्याशित व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं, लेकिन उनके बर्ताव से कई बार पार्टी को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है।

पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल इस ताजा मामले पर JDU या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। देखना होगा कि पार्टी इस बार विधायक गोपाल मंडल के इस व्यवहार पर क्या रुख अपनाती है।

About The Author

राजनीति