बस्ती/उत्तर प्रदेश, 03 फरवरी। Love Jihad Case : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में महिलाओं के शोषण से जुड़े एक बड़े कथित रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजफरुल हक उर्फ प्रिंस और उसके गिरोह पर 100 से अधिक लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने का आरोप है।
पहचान छिपाकर भरोसा जीतने का आरोप
पुलिस और पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, आरोपी खुद को हिंदू बताकर, हाथ में कलावा पहनकर, शादी और अच्छी नौकरी का झांसा देकर युवतियों का भरोसा जीतता था। बाद में वह आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता और उन्हें देह व्यापार में धकेलने का दबाव बनाता था। पीड़िताओं को नेपाल सहित देश के अलग-अलग राज्यों में भेजे जाने के भी आरोप सामने आए हैं।
विरोध करने पर धमकी और उत्पीड़न
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों द्वारा परिवार को प्रताड़ित किया जाता, यहां तक कि अपहरण की धमकियां भी दी जाती थीं।
कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़िता ने बताया कि वह बस्ती शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती थी, जहां जनवरी 2022 में उसकी मुलाकात प्रिंस से हुई। आरोप है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर नजदीकियां बढ़ाईं, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का दावा है कि बाद में आरोपी के घर पर उसके भाई और सहयोगी के साथ मिलकर गैंगरेप भी किया गया।
सैकड़ों लड़कियों को फंसाने का दावा
पीड़िता का कहना है कि आरोपी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके परिजन भी कथित तौर पर इस गतिविधि में शामिल थे।
उसने दावा किया कि आरोपी और उसके भाई ने करीब 300 लड़कियों को इसी तरह फंसाकर उनके वीडियो बनाए और बाद में उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया।
8 आरोपियों पर FIR, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अजफरुल हक उर्फ प्रिंस समेत 8 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस मामले पर डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी (Love Jihad Case) ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

