रामगढ़/अलवर, 04 फरवरी। Heart Breaking News : रामगढ़ थाना क्षेत्र के चौकी बास गांव में टॉफी चबाते ही तीन वर्षीय मासूम बच्ची अक्षु के मुंह में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में बच्ची का मुंह और जबड़ा बुरी तरह फट गया। गंभीर हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी जटिल सर्जरी की गई है। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकीय निगरानी में रखी गई है।

यह घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। धमाके की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्ची गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दुकानदार पर बारूद-पटाखे वाली टॉफी देने का आरोप
जानकारी के अनुसार अक्षु अपनी बड़ी बहन अहाना के साथ गांव की ही एक किराना दुकान पर टॉफी लेने गई थी। परिजनों का आरोप है कि दुकान संचालक सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने बच्ची को बारूद से भरी पटाखेनुमा टॉफी दे दी। जैसे ही बच्ची ने टॉफी को मुंह में डालकर चबाया, उसमें मौजूद बारूद के कारण बच्ची के मुंह के भीतर ही विस्फोट हो गया।
हादसे में बच्ची के चेहरे, मुंह और जबड़े पर गहरी और जटिल चोटें आई हैं। परिजनों की शिकायत पर रामगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुकानदार लगातार पुलिस से बोल रहा झूठ
स्टेशन हाउस ऑफिसर डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) जांच और एक्सपर्ट की राय ली जा रही है। इस बीच, आरोपी दुकानदार का दावा है कि बच्चे को चोटें सड़क पर गिरने और कोल्ड ड्रिंक की कांच की बोतल लगने से लगी हैं, लेकिन बच्चे के जबड़े और मुंह की हालत साफ तौर पर धमाके की ओर इशारा कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

