रायपुर, 04 फरवरी। IRCTC : केंद्रीय बजट 2025-26 में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने की घोषणाओं के बाद छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रदेश में पर्यटन विकास की दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं।
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में 03 फरवरी 2026 को चेम्बर के उपाध्यक्ष एवं DRUCC मेंबर लोकेश चंद्रकांत जैन ने IRCTC के क्षेत्रीय अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने और रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर सृजित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को IRCTC के सर्किट टूर पैकेज में शामिल किया जाएगा। इसके तहत आमजन जनदर्शन पोर्टल के माध्यम से सीधे IRCTC से टिकट बुक कर पाएंगे, जिसमें 75% भुगतान शासन द्वारा और 25% पर्यटक द्वारा किया जाएगा।
लोकेश जैन ने कहा कि पर्यटन से स्थानीय होटल, परिवहन और हस्तशिल्प व्यवसायों को नए अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही रेल पर्यटन के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी और विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
सतीश थौरानी ने कहा, पर्यटन केवल घूमने-फिरने का माध्यम नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि IRCTC के सहयोग से बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और पैकेज तैयार किए गए, तो युवाओं के लिए रोजगार और व्यापारियों के लिए नए द्वार खुलेंगे।


