सूरत, 05 फरवरी। Sex Racket Busted : सूरत शहर के पालनपुर पाटिया इलाके में स्पा की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। यह कार्रवाई राज वर्ल्ड शॉपिंग सेंटर की तीसरी मंजिल पर स्थित एक स्पा सेंटर में की गई, जहां छापेमारी कर पुलिस ने तीन ग्राहकों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार महिलाओं को मुक्त कराया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि पालनपुर गांव स्थित राज वर्ल्ड शॉपिंग सेंटर में स्पा के नाम पर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। इसके बाद डीसीपी जोन-7 की एलसीबी टीम और अन्य पुलिस इकाइयों ने संयुक्त रूप से छापा मारा। रेड के दौरान स्पा के छोटे-छोटे कमरों में महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं।
जांच में सामने आया कि ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जाता था। मौके से कुल 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें से सात मोबाइल स्पा संचालन में उपयोग हो रहे थे, जबकि चार मोबाइल ग्राहकों के पास से बरामद किए गए।
एक बड़ी डायरी भी जब्त
छापे के दौरान पुलिस ने 8,500 रुपये नकद, बड़ी संख्या में बिना इस्तेमाल किए गए कंडोम, लाइट बिल और अन्य सामान बरामद किया। इसके अलावा चार छोटी पॉकेट डायरी और एक बड़ी डायरी भी जब्त की गई है, जिनमें महिलाओं के नाम, ग्राहकों का हिसाब और रोजाना का विवरण दर्ज था। पुलिस को अलग-अलग रंगों के 39 टोकन भी मिले, जिनका इस्तेमाल लेनदेन के लिए किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, स्पा संचालक काफी सतर्क थे। पुलिस या किसी अनजान व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अंदर और बाहर कुल तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। डीवीआर भी जब्त कर लिया गया है। बाहर लॉबी में विपिन उर्फ रिंकू शाहू निगरानी करता था, ताकि पुलिस के आने की सूचना पहले मिल सके।
स्पा सेंटर संचालक फरार
गिरफ्तार आरोपियों में स्पा मैनेजर शुद्रो बाबूराव चक्रवर्ती और सहायक विपिन उर्फ रिंकू जगदीश शाहू शामिल हैं। वहीं ग्राहक के रूप में करण दीपकभाई शाह, वीरसिंह शांतिजी कोली और उमेश दिलीप शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। स्पा का मुख्य मालिक आकाश अंकुशभाई धनावडे फिलहाल फरार है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (Sex Racket Busted) अधिनियम 1956 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

