रायपुर, 06 फरवरी। Thai Boxing : 12वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप सह प्रो फाइट नाइट का आयोजन 6 से 8 फरवरी 2026 तक एलबी स्टेडियम, हैदराबाद (तेलंगाना) में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का 8 सदस्यीय थाई बॉक्सिंग दल भाग लेगा, जिसमें 6 महिला खिलाड़ी और 2 अधिकारी शामिल हैं।

यह प्रतियोगिता SGFI से मान्यता प्राप्त संस्था थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (TIF) के तत्वावधान में तेलंगाना थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ दल में रायपुर से 6 और दंतेवाड़ा से 2 सदस्य शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि आगामी बोर्ड एवं स्थानीय परीक्षाओं के कारण कई महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया था।
छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन के मार्गदर्शन में रायपुर के खिलाड़ी 5 फरवरी 2026 को रायपुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस से हैदराबाद के लिए रवाना हुए। वहीं दंतेवाड़ा के खिलाड़ी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की कोच कु. टिकेश्वरी साहू के साथ बस द्वारा हैदराबाद रवाना हुए।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर थाई बॉक्सिंग संघ के जागेश्वर डडसेना, महेंद्र साहू, घृतेश साहू सहित खिलाड़ियों के परिजनों ने दल के सदस्यों को पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग दल
रायपुर से खिलाड़ी- कु. पल्लवी साहू, कु. प्रियंका साहू, कु. मानसी तांडी, कु. दीपाली बघेल, कु. पिंकी गुप्ता
दंतेवाड़ा से खिलाड़ी- कु. लच्छी कवासी
अधिकारी- अनीस मेमन (रायपुर), कु. टिकेश्वरी साहू (खेल एवं युवा कल्याण विभाग, दंतेवाड़ा)
छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग संघ को उम्मीद है कि दल प्रतियोगिता (Thai Boxing) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगा।

