रायपुर, 06 फरवरी। Women Journalists Cricket : रायपुर प्रेस क्लब के इतिहास में एक नया और गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार महिला पत्रकारों की टीमें क्रिकेट के मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। यह ऐतिहासिक मैच 18 फरवरी को खेला जाएगा, जिसे लेकर महिला पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है।

इस रोमांचक मुकाबले में टीम ‘तेजस्वी’ और टीम ‘शक्ति’ आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें पूरी तैयारी और जीत के मजबूत इरादों के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं।
टीम तेजस्वी की हेड कोच शुभ्रा और टीम शक्ति की हेड कोच निशा अपनी-अपनी टीमों को आत्मविश्वास, अनुशासन और रणनीति के साथ तैयार करने में जुटी हुई हैं। अभ्यास सत्रों के दौरान खिलाड़ियों का जोश और समर्पण इस बात का संकेत दे रहा है कि मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

यह मैच केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिला पत्रकारों की एकजुटता, सशक्तिकरण और बहुआयामी क्षमता का प्रतीक होगा। कलम के साथ-साथ बल्ले और गेंद पर भी अपनी पकड़ दिखाने के लिए महिला पत्रकार पूरी तरह तैयार हैं।

रायपुर प्रेस क्लब का यह आयोजन न सिर्फ खेल भावना को बढ़ावा देगा, बल्कि समाज में यह संदेश भी देगा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में सक्षम हैं। अब सभी की निगाहें 18 फरवरी पर टिकी हैं, जब महिला पत्रकार क्रिकेट के मैदान में उतरकर इतिहास रचेंगी।

