रायपुर, 07 फरवरी। President Visit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के संक्षिप्त दौरे पर रहेंगी। करीब तीन घंटे के इस दौरे के दौरान वे बस्तर संभाग के जगदलपुर में आयोजित बस्तर पण्डुम कार्यक्रम में शामिल होंगी। मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 9.10 बजे भुवनेश्वर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी और 10.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वे लाल बाघ मैदान में आयोजित बस्तर पण्डुम कार्यक्रम स्थल जाएंगी।
कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति 10.55 से 11.10 बजे तक विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात बस्तर पण्डुम में शामिल अतिथियों के साथ उनका फोटोग्राफ सेशन होगा। राष्ट्रपति मुर्मू इस दौरान मांझी और चलकी से भी संवाद करेंगी।
11.10 बजे से 12.15 बजे तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पण्डुम कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम के समापन के बाद वे 12.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से रायपुर के लिए रवाना होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 1.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।


