रायपुर, 09 फरवरी। Maha Sadasyata Abhiyan : छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को और अधिक सशक्त, व्यापक और समावेशी बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के महा-सदस्यता अभियान ‘एक नई ऊर्जा, एक नया संकल्प’ का भव्य आगाज किया गया।

इस अवसर पर आज शाम 4 बजे बाम्बे मार्केट स्थित चौधरी देवीलाल व्यापार उद्योग भवन में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश भर से चेम्बर पदाधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संघों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदेश के अंतिम व्यापारी तक पहुंचेगी चेम्बर की आवाज़
प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि, जब हम सभी एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तो न सिर्फ व्यापार बल्कि पूरा प्रदेश प्रगति करता है। उन्होंने इस सदस्यता अभियान को एक सामान्य प्रक्रिया नहीं, बल्कि जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे व्यापारी तक चेम्बर की आवाज पहुंच सके।
बैठक में अभियान की सफलता के लिए विस्तृत रणनीति साझा की गई। तय किया गया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले और इकाई स्तर पर सदस्यता विस्तार किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सदस्यता प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जाएगा। डिजिटल माध्यमों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक व्यापारियों को चेम्बर से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर चेम्बर के सलाहकार तिलोकचंद बरड़िया, अरविंद जैन, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी सहित अनेक पदाधिकारियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और अभियान को पूर्ण निष्ठा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में यह संकल्प दोहराया कि छत्तीसगढ़ के व्यापारिक जगत को संगठित कर उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए यह महा-सदस्यता अभियान निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चेम्बर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर चेम्बर के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला चेम्बर की अध्यक्षा, विभिन्न व्यापारी संघों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

