रायपुर, 12 फरवरी। Mahashivratri : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा शान्ति सरोवर सड्ढू में आयोजित छः दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दिप्ती शुक्ला, महापौर श्रीमती मीनल चौबे और निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी किरण और भावना दीदी भी उपस्थित थीं।

पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने महोत्सव के दौरान प्रदर्शित किए गए पन्द्रह फीट ऊंचे द्वादश ज्योतिर्लिंग की सराहना करते हुए कहा, इसका अवलोकन करके मुझे अत्यंत सुखद अनुभूति हुई। एक ही छत के नीचे द्वादश ज्योतिर्लिंग का दर्शन करना बहुत ही विशेष अनुभव है। इसे आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास बेहद सराहनीय है।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा, द्वादश ज्योतिर्लिंग को देखकर अनंत शांति की अनुभूति हुई। यह प्रस्तुति हम सभी के लिए प्रेरणा देने वाली है। निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने इस आयोजन को अत्यंत दिल छूने वाला बताया और कहा, द्वादश ज्योतिर्लिंग की सुंदर प्रस्तुति ने हमें भगवान शिव के दिव्य रूप से रूबरू कराया। यह सभी के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव है।
छः दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव शान्ति सरोवर में श्रद्धालुओं के लिए खुला है, जहां वे शिव पूजा और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल भगवान शिव की पूजा अर्चना करना है, बल्कि लोगों को आध्यात्मिकता की दिशा में भी प्रेरित करना है।

