Pali Festival 2026 : सुर, संस्कृति और श्रद्धा का संगम बनेगा पाली महोत्सव 2026, सितारों की सुरमयी शामें रहेंगी आकर्षण

Pali Festival 2026 : सुर, संस्कृति और श्रद्धा का संगम बनेगा पाली महोत्सव 2026, सितारों की सुरमयी शामें रहेंगी आकर्षण

रायपुर, 13 फरवरी। Pali Festival 2026 : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर  कोरबा जिले के पाली महोत्सव 2026 का आयोजन 15 एवं 16 फरवरी को ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। दो दिवसीय यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का भव्य संगम प्रस्तुत करेगा।

5 फरवरी को शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती और दीपोत्सव का आयोजन होगा। पाली महोत्सव 2026 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे।

समारोह में सांसद कोरबा ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल तथा ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

शुभारंभ अवसर पर बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक मीत ब्रदर्स,  खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपने गीतों से समां बांधेंगे। छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और छत्तीसगढ़ी गायक ऋषिराज पांडेय द्वारा  कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान कठपुतली नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

पाली महोत्सव के अवसर पर युवाओं के उत्साह को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 15 फरवरी को साइकिल रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।

समापन समारोह 16 फरवरी को

16 फरवरी को महोत्सव का समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग,  वाणिज्य,  श्रम, आबकारी व सार्वजिनक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत करेंगी। विशिष्ट अतिथियों में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर नगर निगम संजू देवी राजपूत,  उपाध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा निकिता मुकेश जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल, सरपंच ग्राम पंचायत केराझरिया गिरजा सत्यनारायण पैंकरा शामिल होंगे। 

समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे। साथ ही बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर  अपने चर्चित गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। साथ ही लवली शर्मा द्वारा सितार वादन, स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कठपुतली नृत्य की प्रस्तुति भी दी जाएगी। पाली महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भव्य उत्सव साबित होगा, जिसमें क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को यादगार बनाएंगे।

About The Author

छत्तीसगढ