रोहतक, 17 फरवरी। Gangster War : हरियाणा के रोहतक में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनेश उर्फ गोगा नामक व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने दिल्ली बाईपास के पास 22 गोलियां मारकर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। घटना आईजी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।

28-30 राउंड गोलियों के खोल मिले
घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर तेज रफ्तार वाहन में आए और एकाएक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से करीब 28 से 30 गोलियों के खोल मिले हैं, जो इस घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट ने सनसनी मचाई
घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो गई, जिसमें ‘जय भोले की’ लिखते हुए दावा किया गया कि दिनेश गोगा की हत्या कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर कराई गई है। पोस्ट में आगे धमकी भरे लहजे में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मियों पर करप्ट होने का भी आरोप लगाया गया है।
पोस्ट में आगे दूसरे लोगों को भी टारगेट करने की धमकी दी गई है। इसमें लिखा है, ये बाकी 2-4 कीड़े-मकोड़े हैं, उनका टाइम आ गया है। इसमें कुछ पुलिस अधिकारियों पर करप्शन का भी आरोप लगाया गया है। पोस्ट में लिखा है, हम देश के कानून और ईमानदार खाकी वर्दी का सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ करप्ट पुलिसवालों की वजह से हमें ये दिन देखने पड़ रहे हैं।
कुख्यात गैंगस्टर की ओर इशारा
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है, और जांच जारी है। इस वारदात से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर और उनके इशारों की बातों पर पुलिस का कहना है कि अभी इस पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले गोलियों के खोल की जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
दिनेश गोगा का आपराधिक रिकॉर्ड
मृतक दिनेश गोगा का आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है, जिससे यह मामला और भी जटिल हो गया है। पुलिस ने जांच की दिशा को लेकर किसी भी एंगल को नकारा नहीं किया है।


