रांची, 24 फरवरी। Air Ambulance Crash : झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया, जिसमें सात लोगों की जान चली गई। यह एयर एंबुलेंस रांची से दिल्ली जा रहा था, और उड़ान के दौरान इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।

विमान ने रांची से 7:11 बजे उड़ान भरी थी, और 7:34 बजे अटाली के पास संपर्क टूटने के बाद विमान रडार से गायब हो गया।
हादसे में मृतकों में पायलट विवेक विकास भगत, पायलट सबराजदीप सिंह, मरीज संजय कुमार, उनकी परिजन अर्चना देवी और धूरू कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और नर्स सचिन कुमार मिश्रा शामिल हैं। यह दुर्घटना चतरा जिले के करमाटांड़ गांव के पास स्थित जंगल में हुई। स्थानीय नागरिकों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी सात मृतकों की पहचान कर ली गई है।
आंधी-तूफान के कारण हुआ हादसा
डीसी कीर्तिश्री जी ने बताया कि हादसा तेज आंधी-तूफान के कारण हुआ। डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल पर सभी 7 लोगों को मृत पाया। वहीं एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्हें लगभग 10 बजे घटना की जानकारी मिली। हादसे वाली जगह तक पहुंचना काफी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि दिल्ली से टीम जांच के लिए जल्द ही पहुंचेगी और ब्लैक बॉक्स को निकालकर हादसे की वजह पता लगाने की कोशिश करेगी।
विमान में सवार थे ये लोग
रांची हवाईअड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया हादसा सिमरिया के पास हुआ।
- कैप्टन विवेक विकास भगत
- कैप्टन सवराजदीप सिंह
- संजय कुमार (मरीज)
- अर्चना देवी (मरीज की पत्नी)
- ध्रुव कुमार (मरीज के अटेंडेंट)
- डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
- सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ)


