रायपुर, 25 फरवरी। CG Industry Growth : छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के ₹1.72 लाख करोड़ के बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की 3 करोड़ जनता, विशेषकर उद्योग एवं व्यापार जगत की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया है। उन्होंने कहा कि यह दूरदर्शी और संतुलित बजट “संकल्प से सिद्धि” की दिशा में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सशक्त रोडमैप है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का अभिनंदन करते हुए श्री थौरानी ने कहा कि यह बजट सुशासन, पारदर्शिता, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक विकास के माध्यम से राज्य को आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर करेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ विजन से प्रेरित है।
उद्योग और व्यापार को नई ऊर्जा
श्री थौरानी ने उद्योग एवं व्यापार से संबंधित प्रावधानों का विशेष स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स को नया भवन प्रदान करने का निर्णय व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देगा। राज्य में 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना के लिए ₹250 करोड़ का प्रावधान औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को गति देगा।
उद्योगों के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इसे ₹248 करोड़ से बढ़ाकर ₹775 करोड़ किया गया है, जो सरकार की औद्योगिक विकास के प्रति गंभीरता दर्शाता है। लैंड बैंक विकास योजना के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान उद्योगों के लिए भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कर निवेश प्रक्रिया को सरल बनाएगा।
क्षेत्रीय संतुलन और नई तकनीक पर फोकस
बस्तर एवं सरगुजा अंचल में खाद्य, एग्रो-फॉरेस्ट्री एवं कृषि आधारित उद्योगों के लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा देगा। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के लिए ₹10 करोड़ का प्रावधान राज्य को तकनीक आधारित विनिर्माण हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया है।
राज्य के हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पांच प्रमुख हवाई अड्डों पर हैंडीक्राफ्ट शो-रूम स्थापित करने की योजना स्थानीय कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में सहायक होगी।
युवाओं के लिए स्टार्टअप और एआई मिशन
मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास और एआई आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन के तहत अगले पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष न्यूनतम ₹100-100 करोड़ का प्रावधान युवाओं को जॉब-सीकर से जॉब-क्रिएटर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
पूंजी निवेश और पर्यटन को बढ़ावा
औद्योगिक इकाइयों के लिए ₹750 करोड़ की पूंजी निवेश सब्सिडी, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना हेतु ₹14 करोड़ तथा पर्यटन विकास मिशन के अंतर्गत थीम आधारित सर्किट, मेले, उत्सव और होम-स्टे को बढ़ावा देने जैसे प्रावधान राज्य की समग्र आर्थिक प्रगति के संकेत हैं।
सतीश थौरानी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को समान रूप से सशक्त करते हुए छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और रोजगार का अग्रणी केंद्र बनाएगा। चेंबर ने इस जन-कल्याणकारी और व्यापार-हितैषी बजट के लिए राज्य सरकार की सराहना की।
इस अवसर पर चेंबर के कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, मंत्री प्रशांत गुप्ता, सदस्य प्रसून दीक्षित, महिला चेंबर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता, कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


