नई दिल्ली, 26 फरवरी। Chandan Park Murder : नई दिल्ली के उत्तरी बाहरी इलाके समयपुर बादली स्थित चंदन पार्क में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 60 फीट रोड, गली नंबर-3 स्थित एक मकान में महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक रात करीब नौ बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने घर के दरवाजे से खून बहता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही समयपुर बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने पर कमरे के भीतर चार शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
मृतक महिला की पहचान अनीता के रूप में हुई है। उसके साथ उसके तीन बच्चों (उम्र 7 साल, 5 साल और 3 साल) की भी हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों की गर्दन किसी धारदार हथियार से रेती गई है। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात सुनियोजित प्रतीत होती है। हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।
मृतका का पति फरार
घटना के बाद से मृतका का पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस को उस पर शक है और उसकी तलाश में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। इलाके में नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आएगी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

