बक्सर, 26 फरवरी। One-Sided Love : बिहार के बक्सर में शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब वरमाला कार्यक्रम के बीच स्टेज पर खड़ी दुल्हन को एक युवक ने सरेआम गोली मार दी। गोली दुल्हन के पेट में लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। परिजनों और मौजूद लोगों ने घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी (बनारस) रेफर कर दिया, जहां उसका ऑपरेशन जारी है।
परिवार के अनुसार आरोपी युवक दुल्हन से एकतरफा प्यार करता था। परिजनों ने युवती की शादी उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी युवक से तय की थी, जिससे वह नाराज बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के घर पर ताला भी लगा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।

