रायपुर, 27 फरवरी। BJP Leader : छत्तीसगढ़ की सियासत में आदिवासी मुद्दों को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उस दौरान भाजपा के आदिवासी नेताओं की हत्याओं की घटनाएं हुईं, जिनका दाग आज भी कांग्रेस नेतृत्व पर है। साथ ही उन्होंने न्यायिक अभिरक्षा में हुई एक मौत के मामले को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश का आरोप भी लगाया है।
न्यायिक अभिरक्षा में मौत पर सियासत तेज
भाजपा नेता अनुराग अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में राजनीतिक हिंसा का दौर चला और भाजपा से जुड़े कई आदिवासी नेताओं की हत्या हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन मामलों में न्याय की प्रक्रिया प्रभावित रही और पीड़ित परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में न्यायिक अभिरक्षा में हुई एक मौत, जिसकी मजिस्ट्रेट जांच जारी है, को आधार बनाकर कांग्रेस आदिवासी क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रही है। अग्रवाल ने इसे ‘राजनीतिक अवसरवाद’ करार देते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में वर्तमान सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर प्रतिबद्ध है और किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आदिवासी क्षेत्र आगामी चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं, ऐसे में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

