बिलासपुर/क्राइम रिपोर्टर, 28 फरवरी। Horrific Accident on NH-130 : बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा Sakri थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर (क्रमांक CG 11 BD 9044) अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए रांग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रेलर पलटकर उसी पर जा गिरा।
सालगिरह पार्टी से लौट रहे थे

बताया गया कि सभी लोग तखतपुर से उसलापुर रिश्तेदार की शादी की सालगिरह में शामिल होने आए थे। खाना खाने के लिए वे सकरी-हिर्री मार्ग स्थित ढाबे गए थे। देर रात लौटते समय हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (38), विशाल लहरे (25), अनमोल लहरे (15) और देवेंद्र कुमार मिरी (30) के रूप में हुई है। घायल चंद्रप्रकाश रात्रे (45) को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद सभी लोग वाहन में फंस गए थे। पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
ड्राइवर गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी चालक नवरतन उइके (सलका, रतनपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सकरी टीआई विजय चौधरी के अनुसार पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि पीछे से आ रहे ट्रक ने गलत तरीके से ओवरटेक किया, जिससे बचने के प्रयास में उसने स्टेयरिंग मोड़ा और वाहन अनियंत्रित हो गया।
चाचा-भतीजे की भी मौत, 9वीं का छात्र भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में मुंगेली जिले के बिरगहनी निवासी विशाल लहरे और अनमोल लहरे चाचा-भतीजे थे। अनमोल कक्षा 9वीं का छात्र था। मृतक देवेंद्र कुमार मिरी NTPC सीपत में कार्यरत थे। घायल चंद्रप्रकाश शिक्षक बताए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में हर तीसरे सड़क हादसे में मौत
प्रदेश में सड़क सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। वर्ष 2015 से 2025 के बीच 11 वर्षों में कुल 1,36,502 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 54,203 लोगों की मौत हुई।
- 40% से अधिक मौतें बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, कोरबा, बलौदा बाजार और महासमुंद जिलों में
- 51.29% मौतें दुपहिया वाहन चालकों की
- 31% मौतों की वजह ओवरस्पीड
- 10 वर्षों में 70,523 हादसे नेशनल हाईवे पर
2023-24 में सर्वाधिक हादसे
2024 में 6,944 और 2023 में 6,166 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई।
ओवरस्पीड बड़ी वजह
रिपोर्ट के अनुसार ब्लैक स्पॉट सुधार के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हादसों का ग्राफ कम नहीं हो रहा। ओवरस्पीड और नियंत्रण खोना प्रमुख कारण हैं। राज्य सरकार ने सड़क सुरक्षा परिषद की बैठकों में हादसे कम करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर, बिलासपुर और नया रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सिस्टम स्थापित किया गया है।
रिटायर्ड एडीजी जयंत थोरात का कहना है कि सड़क पर चलने वालों के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण की कमी भी हादसों की बड़ी वजह है। सड़कें चौड़ी हुई हैं, लेकिन सुरक्षा संस्कृति विकसित नहीं हो पाई है।

