बीकानेर, 01 मार्च। Cash from the Sewage : राजस्थान के बीकानेर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सीवरेज चैंबर से अचानक 500-500 रुपये के नोट बहते दिखाई दिए। जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी, मौके पर भारी भीड़ जुट गई और नोट निकालने की होड़ मच गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग सीवरेज से नोट निकालकर उन्हें धोते और सुखाते नजर आ रहे हैं।
नोटों को धोकर जांचने लगे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने सीवरेज चैंबर में पड़े नोटों को बाहर निकालकर साफ पानी से धोया। कुछ लोग यह परखने की कोशिश कर रहे थे कि नोट असली हैं या नकली। कई लोग नोटों को धूप में और यहां तक कि बाइक की सीट पर रखकर सुखाते भी दिखाई दिए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। सामने आए एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी लाठी लेकर लोगों को दौड़ाते हुए नजर आ रहा है। बाद में पुलिस ने मौके से मिले नोटों को अपने कब्जे में ले लिया।
जांच में जुटी पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अब यह जांच कर (Cash from the Sewage) रही है कि बरामद नोट असली हैं या नकली। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नोट सीवरेज चैंबर में कैसे पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि कहीं किसी ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए रकम को सीवरेज में तो नहीं बहाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

