नर्मदापुरम, 02 मार्च। Double Death Mystery : जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगांव में सोमवार तड़के सुबह युवक-युवती की गोली लगने से मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी संजू चौहान और थाना प्रभारी उषा मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है।
युवक ने युवती को मारी गोली, फिर खुद को किया शूट
पुलिस के अनुसार, रायसेन जिले के मछबाई ग्राम निवासी एक युवक ने भटगांव की युवती को गोली मार दी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, युवती को रविवार रात करीब 12:30 बजे तक देखा गया था। सोमवार सुबह लगभग 7 बजे दोनों को मृत अवस्था में पाया गया।
हर एंगल से जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन ऑनर किलिंग सहित अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

