बिलासपुर, 06 मार्च। Loot Case : थाना चकरभाठा पुलिस ने ट्रेलर वाहन को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर चालक से मोबाइल, नकदी और वाहन के बिल्टी पेपर लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन रात करीब 3:10 बजे टोयोटा शो रूम चकरभाठा के पास दो युवकों ने अपने वाहन से ट्रेलर गाड़ी को रुकवाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए वाहन के बिल्टी पेपर दिखाने को कहा। कागज नहीं दिखाने पर उन्होंने चालक से पैसों की मांग की और उसका विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 1000 रुपए तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 26 हजार रुपए बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में यशराज यादव (22 वर्ष) पिता गिरिराज यादव, निवासी पुराना बस स्टैंड के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पास जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर। सुमित दुबे (27 वर्ष) पिता कमलेश दुबे, निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है।

