नई दिल्ली, 06 मार्च। Mother Commits Double Murder : साउथ दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर अपनी दो बेटियों की हत्या करने के बाद खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस ने समय रहते महिला को बचा लिया, लेकिन उसकी हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक बेटियों की उम्र करीब 25 से 28 साल और 34 साल बताई जा रही है, जबकि महिला की उम्र लगभग 55 से 60 साल के बीच है।
मां ने की खुदकुशी की कोशिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालवीय नगर थाने को शाम 6 बजकर 10 मिनट पर पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को घर का मालिक, महिला का पति और दोनों लड़कियों का पिता बताया। उसने पुलिस को बताया कि महिला कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है और अंदर से किसी की कोई आवाज भी नहीं आ रही।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वीडियोग्राफी के बीच दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। कमरे में एक लड़की की लाश मिली जिसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जबकि दूसरी लड़की की गर्दन पर चुन्नी लिपटी हुई थी। दोनों की पहचान सगी बहनों के रूप में हुई है।
इसके बाद जब पुलिस ने घर के दूसरे कमरे की तलाशी ली तो वहां उनकी मां बेहोश हालत में लेकिन जिंदा मिली। उसे तुरंत अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस मामले में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। वहीं क्राइम और फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और परिवार के रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिससे इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की असली वजह का पता चल सकेगा।

