Annual Exam 2026 : सरकारी और आत्मानंद स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल तय…! कक्षा 1 से 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू…! अनुपस्थित विद्यार्थियों को मिलेगा पूरक का अवसर

Annual Exam 2026 : सरकारी और आत्मानंद स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल तय…! कक्षा 1 से 11वीं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू…! अनुपस्थित विद्यार्थियों को मिलेगा पूरक का अवसर

बिलासपुर, 07 मार्च। Annual Exam 2026 : जिले के सभी सरकारी एवं स्वामी आत्मानंद स्कूलों में कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वीं, 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 10 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का टाइम टेबल जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) स्तर से जारी किया जाएगा।

परीक्षा संचालन के लिए जिला स्तर पर संचालन समिति, प्रश्नपत्र निर्माण समिति तथा मॉडरेशन समिति का गठन किया गया है। सभी कक्षाओं के प्रश्नपत्र ब्लूप्रिंट के आधार पर तीन सेटों में तैयार किए गए हैं। जिला स्तरीय संचालन समिति की अनुशंसा पर इनका मुद्रण कराया जा रहा है।

मुद्रण के बाद प्रश्नपत्र केंद्रवार, विषयवार और कक्षावार सीलबंद लिफाफों में डीईओ कार्यालय को 15 मार्च तक सौंपे जाएंगे। इसके बाद 20 मार्च तक प्रत्येक संकुल के प्राचार्यों को प्रश्नपत्र वितरित कर दिए जाएंगे।

विषय शिक्षक ही करेंगे मूल्यांकन

उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्थानीय स्तर पर संबंधित विषय शिक्षक करेंगे। मूल्यांकन कार्य 20 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अवधि तक अंकसूची भी तैयार कर ली जाएगी और 30 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

त्रैमासिक, छमाही और वार्षिक के अंकों से बनेगा रिजल्ट

कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं और 7वीं के विद्यार्थियों का परिणाम त्रैमासिक परीक्षा के 20 प्रतिशत, छमाही परीक्षा के 20 प्रतिशत तथा वार्षिक परीक्षा के 60 प्रतिशत अंकों को जोड़कर तैयार किया जाएगा।

वहीं कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए छमाही परीक्षा के 30 प्रतिशत और वार्षिक परीक्षा के 70 प्रतिशत अंक जोड़कर परिणाम तैयार किया जाएगा।

अनुपस्थित विद्यार्थियों को मिलेगा पूरक का अवसर

यदि कोई विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा में अनुपस्थित रहता है तो उसे पूरक परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। विषय शिक्षक ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से तैयारी भी कराएंगे।

कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं और 7वीं में यदि कोई विद्यार्थी पूरक परीक्षा (Annual Exam 2026) में भी अनुत्तीर्ण हो जाता है, तो उसे भी शिक्षोन्नति देते हुए अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।

About The Author

शिक्षा