बिलासपुर, 09 मार्च। CG Excise Department : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घुटकु रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन को बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में अवैध शराब निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान 9 मार्च 2026 को कोनी पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि घुटकु स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन के किनारे लंबी झाड़ियों में महुआ शराब बनाने के लिए बड़ी मात्रा में महुआ लाहन प्लास्टिक के डिब्बों में छिपाकर रखा गया है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया।
घुटकु स्टेशन पारा से करीब 1.5 किलोमीटर दूर रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरे कुल 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग छत्तीसगढ़ की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
बरामद महुआ लाहन को आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

