रायपुर, 09 मार्च। Congress District Incharge : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा के बाद संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति की है।
जारी निर्देशों के अनुसार जिला अंतर्गत सभी बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर पर संगठनात्मक ढांचा तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाएगा। इसके लिए नियुक्त प्रभारी पदाधिकारी अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में अगले दो दिनों के भीतर दौरा कर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी को निर्देश दिया जाएगा कि वे ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक प्रभारियों का गठन करें। साथ ही जिले के प्रमुख नेताओं, वर्तमान और पूर्व विधायकों को बूथ कमेटियों के गठन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे मंडल स्तर पर भी प्रभारियों की नियुक्ति करें। खास तौर पर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बूथ कमेटियों का गठन संबंधित बूथ पर बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सर्वसम्मति से किया जाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बैठक की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी। साथ ही संगठन के गठन की प्रक्रिया में उदयपुर नव संकल्प शिविर में पारित प्रस्तावों का पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।

