नई दिल्ली, 10 मार्च। Live on Instagram : सोशल मीडिया पर 7 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले इंस्टाग्राम स्टार अनुराग डोभाल ने हाल ही में अपने जीवन के सबसे कठिन पल का खुलासा किया। इंस्टाग्राम लाइव पर उन्होंने अपने दर्द भरे शब्द बोले, अगले जन्म आऊं, प्यार दे देना मम्मी…लोग ही नहीं बचे… अब किसे कॉल करूं। चलो आखिरी ड्राइव पर चलते हैं।
इन शब्दों के कुछ ही देर बाद उन्होंने अपनी Fortuner कार लेकर सड़क पर निकलने और क्रैश करने की कोशिश की।अनुराग ने परिवार पर भी कई आरोप लगाए और अपने निजी जीवन में अलगाव महसूस किया। इस घटना ने यह स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स होने के बावजूद असली जीवन में अकेलापन कितना गहरा हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना सोशल मीडिया पर सक्रिय व्यक्तियों के मानसिक स्वास्थ्य की ओर गंभीर चेतावनी देती है। लाखों फॉलोअर्स के बीच भी मुश्किल समय में सही समर्थन बहुत कम मिलता है।
सुसाइड की कोशिश, आखिरी पोस्ट भी तेज़ी से वायरल
सोशल मीडिया पर तब हंगामा मच गया जब मशहूर मोटो-व्लॉगर और ‘बिग बॉस 17’ स्टार अनुराग डोभाल, जिन्हें दुनिया ‘द UK07 राइडर’ के नाम से जानती है, ने शनिवार को सुसाइड की कोशिश की। मेरठ एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज़ रफ़्तार फॉर्च्यूनर के डिवाइडर से टकराने का पूरा सीन इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम किया गया, जिससे लाखों फैंस हैरान रह गए। धमाके की आवाज़ से फैंस डर गए। एक्सीडेंट के बाद उन्हें मेरठ के सुभारती हॉस्पिटल ले जाया गया। उनकी टीम ने थोड़ी देर बाद एक स्टेटमेंट जारी किया। सुसाइड की कोशिश से दो घंटे पहले किया गया उनका आखिरी पोस्ट भी तेज़ी से वायरल हो रहा है।
अनुराग का जब एक्सीडेंट हुआ उस समय वह इंस्टाग्राम पर लाइव थे। चश्मदीदों के मुताबिक, उनकी गाड़ी की रफ्तार करीब 150 से 180 किमी/घंटा थी। अचानक गाड़ी अनियंत्रित हुई और तेज धमाके के साथ डिवाइडर से जा टकराई। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
एक्स-गर्लफ्रेंड सव्या और ‘अतुल’ का चैट लीक
हादसे के बीच अनुराग के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक और चौंकाने वाला वीडियो भी शेयर किया गया है। इसमें ‘अतुल’ नाम का एक लड़का (जो अनुराग का करीबी बताया जा रहा है) अनुराग की एक्स-गर्लफ्रेंड और नेपाली मोटो-व्लॉगर सव्या किसी से चैट कर रहा है। चैट में अतुल सव्या को समझाने की कोशिश कर रहा है कि अनुराग बहुत ज्यादा डिप्रेशन में है और सुसाइड कर सकता है। अतुल ने सव्या को ‘बचकाना’ कहा और साफ लहजे में धमकी दी कि अगर अनुराग को कुछ भी हुआ, तो इसके लिए सव्या और उसका परिवार जिम्मेदार होगा।
अनुराग की एक्स गर्लफ्रेंड सव्या ने पहले भी पब्लिकली अनुराग पर गंभीर आरोप लगाए थे। सव्या का कहना था कि अनुराग ने सिर्फ ‘व्यूज और सब्सक्राइबर्स’ के लिए उनका इस्तेमाल किया और कैमरे पर प्रपोजल भी कंटेंट का हिस्सा था। ब्रेकअप के बाद सव्या खुद डिप्रेशन का शिकार हुई थीं।
परिवार पर ‘धोखाधड़ी’ और ‘कंगाली’ का आरोप
इस आत्मघाती कदम से कुछ दिन पहले ही अनुराग ने 2 घंटे का एक भावुक वीडियो पोस्ट भी शेयर किया था। उन्होंने अपने माता-पिता और भाई ‘कलाम इंक’ पर उनकी पूरी प्रॉपर्टी और मेहनत की कमाई हड़पने का गंभीर आरोप लगाया था। अनुराग का कहना था कि रितिका चौहान के साथ उनकी इंटरकास्ट शादी की वजह से परिवार ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से कंगाल कर दिया है। उन्होंने रोते हुए यह भी बताया कि उनकी पत्नी उन्हें इस मुश्किल घड़ी में अकेला छोड़कर चली गई है।

