PM Kisan Samman Nidhi : छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी…! पीएम किसान की अगली किस्त का मिलेगा तोहफा…13 मार्च को खाते में आएंगे 2000 रुपये…पंचायतों में होगा लाइव प्रसारण…डिटेल्स यहां देखें

PM Kisan Samman Nidhi : छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी…! पीएम किसान की अगली किस्त का मिलेगा तोहफा…13 मार्च को खाते में आएंगे 2000 रुपये…पंचायतों में होगा लाइव प्रसारण…डिटेल्स यहां देखें

रायपुर, 11 मार्च। PM Kisan Samman Nidhi : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को एक बार फिर आर्थिक सहायता मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।

इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का लाभ प्रदेश के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) किसानों को भी मिलेगा। इस मौके पर राज्य के सभी जिलों में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा।

ग्राम पंचायतों में होंगे कार्यक्रम

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें और योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।

पारदर्शी व्यवस्था से सीधे खातों में राशि

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रमुख विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है। योजना के तहत सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है। किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती की लागत कम होती है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।

अब तक मिल चुके हैं 11,283 करोड़ रुपये

फरवरी 2019 में योजना की शुरुआत के बाद से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 11 हजार 283 करोड़ 09 लाख रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे प्रदेश के लाखों किसान परिवारों को आर्थिक सहायता मिली है।

वन पट्टाधारी और पीवीटीजी किसानों को भी लाभ

राज्य सरकार द्वारा योजना के तहत 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (PVTG) किसानों का पंजीयन किया गया है। विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को योजना का लाभ देने के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता में भी कुछ शिथिलता दी गई है।

हर साल मिलते हैं 6 हजार रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना दिसंबर 2018 से लागू है और यह केंद्र सरकार द्वारा शत-प्रतिशत वित्त पोषित योजना है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।

About The Author

छत्तीसगढ