Petrol Accident : गढ़वा में दिल दहला देने वाली घटना…! पेट्रोल की किल्लत की अफवाह…! युवक ने गैलनभर खरीदा पेट्रोल…सड़क हादसे में उसी पेट्रोल से लगी आग…80% झुलसे युवक ने तोड़ा दम

Petrol Accident : गढ़वा में दिल दहला देने वाली घटना…! पेट्रोल की किल्लत की अफवाह…! युवक ने गैलनभर खरीदा पेट्रोल…सड़क हादसे में उसी पेट्रोल से लगी आग…80% झुलसे युवक ने तोड़ा दम

गढ़वा, 13 मार्च। Petrol Accident : झारखंड के गढ़वा जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सड़क हादसे के बाद एक युवक जिंदा जल गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गढ़वा थाना क्षेत्र के गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग पर लोटो गांव निवासी शंभू प्रसाद गुप्ता पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल भरवाकर मोपेड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोल से भरा गैलन युवक के ऊपर गिरकर फट गया और पेट्रोल फैलते ही आग लग गई। देखते ही देखते शंभू प्रसाद गुप्ता आग की लपटों में घिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ रहा था, लेकिन जब तक आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश करते, तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था।

परिजन घायल युवक को तुरंत गढ़वा के सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका था। रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पेट्रोल की किल्लत की अफवाह के कारण खरीद रहा था पेट्रोल

परिजनों ने बताया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध की खबरों के कारण लोगों में पेट्रोल खत्म होने की आशंका फैल गई थी। इसी डर से शंभू प्रसाद गुप्ता गैलन में पेट्रोल भरवाकर घर ले जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

प्रशासन की चेतावनी

इस बीच जिले के डीसी दिनेश यादव ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में तनाव के बावजूद देश में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और लगभग आठ सप्ताह का स्टॉक मौजूद है।

डीसी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि जो लोग पेट्रोल, डीजल या गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण करेंगे या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की नजर

स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने जिले के कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गैलन में पेट्रोल न दिया जाए। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे घबराकर पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन लगातार लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह दे रहा है।

About The Author

अन्य राज्य