रायपुर, 15 मार्च। Congress Aandolan : कांग्रेस 17 मार्च को प्रदेशभर के मुद्दों मनरेगा, बिजली दरें, धान खरीदी, किसानों से वादाखिलाफी और गैस महंगाई को लेकर विधानसभा का घेराव करने जा रहे है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई पत्रकार वार्ता में प्रभारी महासचिव मलकीत सिंह गैदू ने घोषणा की कि कई नेता और पार्टी कार्यकर्ता जिनमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी शामिल हैं, इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस की चेतावनी- आंदोलन और तेज होगा
यह मार्च दोपहर 12 बजे भारत माता चौक से शुरू होगा और विधानसभा की ओर आगे बढ़ेगा। कांग्रेस पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है, जिनमें गैस संकट, अफीम खेती और जनविरोधी नीतियां शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता जमीनी हकीकत से जूझ रही है, जबकि भाजपा सरकार हालात सामान्य होने का झूठा दावा कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में घरेलू गैस की भारी किल्लत है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं, जबकि बुकिंग सर्वर बंद होने का बहाना बनाकर गैस की आपूर्ति रोकी जा रही है। सरकार इसे अफवाह बताती है, लेकिन शुक्ला ने सवाल उठाया कि अगर आपूर्ति सामान्य है तो एजेंसियों में इतनी भीड़ क्यों है और बुकिंग क्यों बंद की गई है। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति रुकने से कालाबाजारी बढ़ेगी और होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर होंगे, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
देश में तेल और गैस भंडारण क्षमता बढ़ाने में विफलता के आरोप
कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि 12 वर्षों में देश में तेल-गैस भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए एक भी नया भंडार नहीं बनाया गया, जबकि यूपीए सरकार के समय बने भंडारण केंद्र आज भी इस्तेमाल हो रहे हैं। इस लापरवाही के कारण वर्तमान में गैस संकट गहराया है।
अफीम की खेती को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने कहा कि यह अवैध कारोबार बिना सत्ता संरक्षण के संभव नहीं हो सकता। दुर्ग और बलरामपुर में सामने आए मामलों में भाजपा नेताओं से जुड़े संबंधों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। कांग्रेस ने सवाल किया कि मुख्य आरोपी को सिर्फ निलंबित क्यों किया गया, निष्कासित क्यों नहीं किया गया?

