रायपुर, 17 मार्च। CG School Timing : राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है, जो 20 मार्च से प्रभावी होगा।
जारी आदेश के अनुसार, एक पाली में संचालित सभी स्कूलों में प्राथमिक से लेकर हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी तक की कक्षाएं सोमवार से शनिवार तक सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगी।
इस बीच, दो पालियों में चलने वाले स्कूलों में प्राथमिक से लेकर उच्च प्राथमिक स्तर तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी, जबकि हाई स्कूल और उच्चतर माध्यमिक कक्षाएं सुबह 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित की जाएँगी। हालांकि, परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय सचिव राजू टंडन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर गर्मी को देखते हुए स्कूल समय बदलने की मांग की थी। इसके बाद सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से प्रस्ताव मंगाए गए। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर रायपुर कलेक्टर की स्वीकृति मिलने के बाद यह आदेश जारी किया गया।
इस मांग को उठाने वालों में लखेश्वर वर्मा, संजय वर्मा, धर्मदास पाटिल, कैलाश बघेल, शिवपूजन सिंह और चंद्रकांत कनौजिया सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


