नई दिल्ली, 18 मार्च। Railway Budget : संसद में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे आम आदमी और मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाली आधुनिक, सुरक्षित और किफायती सवारी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति को बेहतर और सस्ती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में रेलवे प्रत्येक यात्री टिकट पर औसतन करीब 45 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है, जिससे यात्रा किराया अन्य देशों की तुलना में काफी कम बना हुआ है।
रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेलवे ‘धीमी प्रगति’ से ‘सुपर-फास्ट परिवर्तन’ की ओर बढ़ रही है और यह बदलाव एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने जानकारी दी कि 2026-27 के केंद्रीय बजट में रेलवे को ₹2.78 लाख करोड़ का रिकॉर्ड आवंटन मिला है, जिससे बुनियादी ढांचे और सेवाओं के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 1.37 लाख किलोमीटर लंबे रेल नेटवर्क और 25 हजार से अधिक ट्रेनों के जरिए रेलवे यात्रियों और माल ढुलाई दोनों में अहम भूमिका निभा रही है। पिछले वर्षों में रेलवे ट्रैक, विद्युतीकरण और सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से विस्तार हुआ है।
200 नई इंटरसिटी ट्रेनें, सस्ती यात्रा पर सरकार का फोकस
यात्री सुविधाओं पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि रेलवे में 70 प्रतिशत से अधिक कोच जनरल और स्लीपर श्रेणी के हैं, जिससे आम लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, 200 नई इंटरसिटी ट्रेनें और मुंबई के लिए 238 नई उपनगरीय ट्रेनें जल्द शुरू की जाएंगी।
सुरक्षा के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं में लगभग 90 प्रतिशत तक कमी आई है। ‘कवच’ जैसी स्वदेशी सुरक्षा तकनीक को तेजी से लागू किया जा रहा है, जिससे ट्रेन संचालन और अधिक सुरक्षित होगा।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले 10 वर्षों में रेलवे ने करीब 5 लाख रोजगार उपलब्ध कराए हैं, जबकि वर्तमान में 1.43 लाख भर्तियों की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास, नई तकनीक, ‘मेक इन इंडिया’ और हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं पर भी जोर देते हुए कहा कि भारतीय रेलवे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही है।
अंत में उन्होंने कहा कि रेलवे का यह व्यापक बदलाव 12.5 लाख कर्मचारियों के समर्पण और सरकार की नीतियों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जिससे आने वाले समय में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

