लखनऊ, 22 मार्च। Love Affair Crime : राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। निशातगंज इलाके की गली नंबर-3 में सचिवालय से रिटायर्ड 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला निर्मला देवी की निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका की बहू और उसके प्रेमी को आरोपी बनाते हुए हिरासत में ले लिया है।

मृतका निर्मला देवी अपने बेटे और बहू के साथ रहती थीं। उनके पति का निधन करीब दो साल पहले हो चुका था। शनिवार दोपहर करीब 4 बजे जब उनका पोता घर पहुंचा, तो उसने दादी को कमरे में मृत अवस्था में पाया। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV और संदिग्ध गतिविधियों से खुला मामला
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा। उस समय घर में बहू और छोटी बेटी मौजूद थीं, जबकि बेटा ड्यूटी पर बाहर था। बहू के हाव-भाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि घर का CCTV कैमरा दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद था। आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालने पर किरायेदार राजन शर्मा घर से निकलते हुए दिखा। इसी दौरान कोई अन्य व्यक्ति घर में प्रवेश करता नजर नहीं आया, जिससे शक और गहरा गया।
डॉग स्क्वॉड बना अहम कड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। जांच के दौरान खोजी कुत्ता सीधे घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़े राजन शर्मा के पास जाकर रुक गया। यह पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस की सख्ती के आगे राजन शर्मा टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उसका मृतका की बहू रंजना के साथ अवैध संबंध था, जिसका परिवार विरोध करता था। निर्मला देवी इस रिश्ते के खिलाफ थीं, जिससे नाराज होकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
गला दबाकर की हत्या
शनिवार को घर के पुरुष सदस्यों की गैरमौजूदगी में रंजना और राजन ने मिलकर निर्मला देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को कमरे में ही छोड़ दिया गया।
हत्या के बाद भी करता रहा नाटक
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी राजन घटना के बाद आसपास ही मौजूद रहा और पुलिस जांच में सहयोग करने का दिखावा करता रहा। यहां तक कि वह पुलिस के साथ घूम-घूमकर आरोपियों को पकड़ने की बातें करता रहा। लेकिन जब डॉग स्क्वॉड उसके पास पहुंचा, तो वह घबरा गया और कुत्ते को भगाने की कोशिश करने लगा, जिससे पुलिस का शक और पुख्ता हो गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


