प्रयागराज, 23 मार्च। Gas Leak Explosion : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के फाफामऊ इलाके के चांदपुर गांव में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस से भरे टैंक के फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद पूरी छत भरभराकर गिर गई।
धमाके से मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, चांदपुर स्थित आदर्श कोल्ड स्टोर में उस समय आलू स्टोरेज का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक अमोनिया टैंक में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरी इमारत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए।
गैस रिसाव से बढ़ा खतरा
छत गिरने के बाद अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू हो गया, जिससे मौके पर स्थिति और खतरनाक हो गई। आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन की टीम मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी हुई है।
भीड़ नियंत्रित करने में मशक्कत
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे हटाने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत (Gas Leak Explosion) करनी पड़ रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है।

