गाजियाबाद, 24 मार्च। Double Death Mystery : गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुनपुरम सोसायटी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां ज्योतिषाचार्य राजवीर चावला (42) ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि उनके फ्लैट के अंदर उनकी मां सतनाम कौर (65) का शव बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, सतनाम कौर का शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव के नाक के पास खून के निशान मिले हैं, हालांकि शरीर पर किसी प्रकार की चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य के अनुसार, राजवीर अपनी मां के साथ विनायक टॉवर के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि उन्होंने सोसायटी की 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी है। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पत्नी से विवाद, अवसाद में लोगों से बनाई दूरी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजवीर का अपनी पत्नी किरण बाला से विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी अपने छह वर्षीय बेटे के साथ अलग रह रही थी। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण राजवीर अवसाद में थे और पिछले कुछ समय से लोगों से दूरी बना रहे थे।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि राजवीर ने पहले अपनी मां की हत्या की और फिर आत्महत्या की, हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है।


