कोलकाता, 24 मार्च। WB Election 2026 : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही पश्चिम बंगाल में आदर्श आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
चुनाव तैयारियों के बीच आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए राज्य में 73 रिटर्निंग अधिकारियों का तबादला कर दिया है। यह आदेश आयोग के सचिव सुजीत कुमार मिश्रा द्वारा जारी किया गया। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 24 मार्च 2026 की शाम 5 बजे तक अपने नए पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करें। इसके बाद 25 मार्च को सुबह 11 बजे चुनाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में कराया जाएगा मतदान
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होगी।
सरकार का कार्यकाल 7 मई को हो रहा है समाप्त
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में निर्धारित समयसीमा के भीतर नई सरकार के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
आयोग के अनुसार, राज्य में लगभग 7.04 करोड़ मतदाता (WB Election 2026) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, वहीं आयोग निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।

