अनूपपुर, 25 मार्च। Short Circuit Fire : अनूपपुर जिले के कुसमहाई गांव में मंगलवार देर रात एक भीषण आगजनी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। कुसमाहाई गांव में आधी रात अचानक भड़की आग ने एक घर को देखते ही देखते अपनी चपेट में ले लिया।
आधी रात मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे घर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरा घर ‘आग का दरिया’ बन गया। घर के अंदर सो रहे मासूम बच्चों की जान पर बन आई।
मौत के मुंह से निकाले मासूम
आग की भयावहता के बीच परिजनों ने जान जोखिम में डालकर 5 से 7 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं और लपटों के बीच यह रेस्क्यू किसी चमत्कार से कम नहीं था।
सामान जलकर हुआ खाक
आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा सामान, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गया। वर्षों की मेहनत से बनाया गया आशियाना पलभर में खंडहर में तब्दील हो गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था दुरुस्त होती, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
प्रशासन से मदद की मांग
पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर हो चुका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि परिवार को इस मुश्किल समय में सहारा मिल सके।

