रायपुर, 27 मार्च। CAIT : अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती को व्यापारिक संगठनों ने आम जनता के लिए बड़ी राहत बताया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि के बीच सरकार का यह निर्णय आम जनता को राहत देने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में दूरदर्शी पहल है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर और डीजल पर ₹10 से घटाकर शून्य कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले का सबसे बड़ा असर लॉजिस्टिक सेक्टर पर पड़ेगा। ईंधन कीमतों में स्थिरता आने से परिवहन लागत नियंत्रित रहेगी, जिससे वस्तुओं की ढुलाई सस्ती होगी और बाजार में कीमतों में अनावश्यक वृद्धि पर रोक लगेगी। इसका सीधा लाभ आम उपभोक्ताओं को मिलेगा।
कैट के पदाधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच सरकार के सामने कीमतें बढ़ने देने या वित्तीय भार खुद उठाने की चुनौती थी, लेकिन सरकार ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए संतुलित निर्णय लिया है।
प्रदेश के व्यापारिक समुदाय ने इस फैसले का समर्थन करते हुए भरोसा दिलाया कि इस राहत का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाया जाएगा और आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाए रखा जाएगा।
अंत में कैट ने केंद्र सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय न केवल आम जनता को राहत देगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

