कबीरधाम, 27 मार्च। Love Affair Murder : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रानीदहरा जलप्रपात के पास 19 मार्च को मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में युवती की हत्या उसके प्रेमी, उसके पिता और एक दोस्त ने मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को जलप्रपात में फेंक दिया गया था ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

ऐसे खुला हत्या का राज
19 मार्च को रानीदहरा जलप्रपात के पास एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। थाना बोड़ला में धारा 103(1), 238(क), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मृतिका की पहचान नहीं होने के कारण मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो दिनों के भीतर युवती की पहचान मुंगेली निवासी सुखमती बैगा के रूप में कर ली।
कॉल डिटेल्स से मिला सुराग
एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर गठित टीमों ने कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाली। जांच में सामने आया कि युवती का प्रेम संबंध मुंगेली निवासी देवेंद्र जायसवाल से था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र को पुणे (महाराष्ट्र) से हिरासत में लिया।
पिता को मंजूर नहीं था रिश्ता
पूछताछ में देवेंद्र ने खुलासा किया कि उसका प्रेम संबंध सुखमती बैगा से था, लेकिन उसके पिता केशव प्रसाद जायसवाल इस रिश्ते के खिलाफ थे। युवती शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर पिता ने हत्या की साजिश रची। इसमें देवेंद्र और उसका दोस्त मनोज पटेल भी शामिल हो गए।
सुनियोजित तरीके से की हत्या
योजना के तहत केशव प्रसाद ने बेटे को फोन कर युवती के साथ कबीरधाम बुलाया। 16 मार्च की शाम तीनों आरोपियों ने रानीदहरा जलप्रपात के पास पत्थर से हमला कर युवती की हत्या कर दी और शव को नीचे फेंक दिया।
सीन रिक्रिएशन से जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद तीनों आरोपी अपने-अपने घर लौट गए थे। पुलिस (Love Affair Murder) ने देवेंद्र की निशानदेही पर उसके पिता और दोस्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ले जाकर डमी पुतले के जरिए सीन रिक्रिएट कराया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

