आगरा, 28 मार्च। Death in Encounter : आगरा में 8 साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी सुनील को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
घटना 24 मार्च की है, जब थाना ताजगंज क्षेत्र से बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। लेकिन अगले ही दिन जांच के दौरान बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले आरोपी सुनील के कमरे से बरामद हुआ। आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक कंटेनर में छिपा दिया था।
इलाके में था भारी आक्रोश
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित की थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 27-28 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक उपनिरीक्षक घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुनील गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके से पुलिस ने बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, 6 खोखा कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त नगर सैय्यद अली अब्बास ने (Death in Encounter) बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने पर जवाबी कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और साक्ष्य संकलन कर रही है।

