Delhi NCR Earthquake : दिल्ली-NCR में दहशत…! रात 9:42 बजे हिली धरती…5.9 तीव्रता का भूकंप

Delhi NCR Earthquake : दिल्ली-NCR में दहशत…! रात 9:42 बजे हिली धरती…5.9 तीव्रता का भूकंप

नई दिल्ली, 03 मार्च। Delhi NCR Earthquake : शुक्रवार रात करीब 9:42 बजे दिल्ली-NCR सहित पूरे उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। झटकों के बाद लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

भूकंप के झटके दिल्ली-NCR, चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में महसूस किए गए। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पुंछ और कश्मीर घाटी में भी जमीन हिलने से लोग घबराकर बाहर निकल आए। झटके कुछ सेकंड तक रहे, लेकिन उनकी तीव्रता इतनी थी कि लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान बॉर्डर क्षेत्र में था और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। इसका असर भारत के कई उत्तरी राज्यों तक महसूस किया गया। पाकिस्तान के इस्लामाबाद, पंजाब और पेशावर में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए।

दिल्ली-NCR की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने झटकों को अधिक तीव्रता से महसूस किया। कई जगहों पर लोग पार्क और खुले मैदानों में जमा हो गए। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं और अफवाहों से दूर रहें।

क्या होता है भूकंप?

धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेट्स की हलचल के कारण भूकंप आता है। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती, रगड़ती या खिसकती हैं, तो ऊर्जा निकलती है और जमीन हिलने लगती है। भूकंप की तीव्रता को रिक्टर स्केल पर मापा जाता है, जो 1 से 9 तक होती है। 5.9 तीव्रता का भूकंप मध्यम श्रेणी का माना जाता है, लेकिन इसका असर व्यापक क्षेत्र में महसूस किया जा सकता है। फिलहाल हालात सामान्य हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

About The Author

ब्रेकिंग न्यूज़