Inspiring Story : शहीद पति की विरासत को आगे बढ़ाती एक वीर पत्नी की अडिग गाथा…दीपक की शहादत…प्रान्तिका का संकल्प

Inspiring Story : शहीद पति की विरासत को आगे बढ़ाती एक वीर पत्नी की अडिग गाथा…दीपक की शहादत…प्रान्तिका का संकल्प

Inspiring Story : आज का दिन मेरे जीवन में एक गहरा भाव लेकर आता है…यह वह दिन है जब मैंने अपने जीवनसाथी, अपने दीपक को खोया नहीं, बल्कि उन्हें पूरे देश में अमर होते देखा। मेरे पति, सब इंस्पेक्टर शहीद दीपक भारद्वाज जी, जिन्होंने राष्ट्रसेवा और समाज की अस्मिता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, वे केवल मेरे पति नहीं, बल्कि इस देश के गौरव थे।

शहीद पति की विरासत को आगे बढ़ा रही वीर पत्नी

जब भी उनकी याद आती है, आँखें नम हो जाती हैं… लेकिन उसी पल मेरा सिर गर्व से ऊँचा भी हो जाता है। क्योंकि हर किसी को यह सौभाग्य नहीं मिलता कि वह एक शहीद की पत्नी कहलाए। उन्होंने अपना आज, अपना कल, अपने सपने, सब कुछ माँ भारती के चरणों में अर्पित कर दिया। हमारा साथ भले ही समय में सीमित रहा, लेकिन उनकी यादें, उनके आदर्श और उनका साहस मेरे जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं।

उन्होंने हमेशा कहा था, “देश सबसे पहले है”… और उन्होंने अपने इस वाक्य को अपने बलिदान से साकार कर दिखाया। आज जब समाज उन्हें याद करता है, उनके बलिदान को नमन करता है, तो मुझे यह एहसास होता है कि मैं अकेली नहीं हूँ…पूरा देश मेरे साथ खड़ा है। यही एहसास मुझे आगे बढ़ने की शक्ति देता है।

दीपक की शहादत के बाद प्रांतिक का सेवा संकल्प

और आज… जब मैं खुद उसी वर्दी को पहनकर बिलासपुर में सेवा दे रही हूँ, तो यह सिर्फ एक नौकरी नहीं है…यह मेरे पति के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प है। मुझे यह अवसर मिला, यह मेरे लिए सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। जब मैं वर्दी पहनती हूँ, तो मुझे ऐसा लगता है जैसे दीपक मेरे साथ हैं…

उनकी हिम्मत, उनका जज़्बा और उनका कर्तव्यबोध मेरे भीतर जीवित है। कभी-कभी दिल बहुत भावुक हो जाता है… उनकी कमी हर पल महसूस होती है…लेकिन जब मैं ड्यूटी पर खड़ी होती हूँ, तो एक आवाज़ भीतर से आती है- “अब तुम्हें मजबूत बनना है… क्योंकि तुम सिर्फ पत्नी नहीं, एक शहीद की विरासत हो।” आज लोग कहते हैं— “जो वर्दी कभी दीपक जी पर चमकती थी, आज वही उनकी पत्नी के कंधों पर गर्व से सजी है।”

यह सुनकर आँखें नम भी होती हैं और दिल गर्व से भर उठता है। मेरे लिए यह वर्दी अब सिर्फ एक परिधान नहीं है…यह मेरे पति की पहचान है, उनका अधूरा कर्तव्य है, उनकी अमर गाथा है…जिसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और साहस के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लेती हूँ।

सभी शहीदों के प्रति नमन

इस पावन अवसर पर मैं केवल अपने पति ही नहीं, बल्कि उन सभी वीर शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा और समाज की गरिमा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।उनका त्याग ही हमारे देश की असली ताकत है, उनकी शहादत ही हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा की नींव है।हम सभी का कर्तव्य है कि उनके सपनों का भारत बनाएं—एक ऐसा भारत, जहाँ देशभक्ति, सेवा और सम्मान सर्वोपरि हो।शहीद कभी मरते नहीं… वे हर उस दिल में जीवित रहते हैं, जो देश के लिए धड़कता है।

मैं अपने परिवार, अपने समाज और आने वाली पीढ़ी से यही कहना चाहती हूँ कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें…देशभक्ति, सेवा और त्याग को अपनी पहचान बनाएं… यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। दीपक जी, आपने सिर्फ जीवन नहीं जिया… आपने इतिहास रचा है। आपकी शहादत मेरे आँसू भी है और मेरा सबसे बड़ा गर्व भी…

आप पर हमें गर्व था, है और हमेशा रहेगा।

  आपकी

प्रान्तिका भारद्वाज
(शहीद की पत्नी, वर्दी में उनकी विरासत)

About The Author

छत्तीसगढ