रायपुर, 07 अप्रैल। Trade Fair : देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय पटवारी का आज कैट कार्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर कैट की प्रदेश इकाई द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय व्यापार महोत्सव के लिए आमंत्रण
कार्यक्रम के दौरान अमर पारवानी ने कहा कि आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) देश के व्यापारियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। यह महोत्सव स्थानीय ब्रांड्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने प्रदेश के व्यापारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में शामिल होकर अपने उत्पादों को बड़े मंच पर प्रस्तुत करें।
वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा
अपने संबोधन में संजय पटवारी ने व्यापार सेवा के 30 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि व्यापारियों को नवाचार, गुणवत्ता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाला यह महोत्सव “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” की भावना को मजबूत करेगा। यह मंच MSME, लघु उद्योगों और बड़े भारतीय ब्रांड्स के लिए नए अवसर लेकर आएगा।
छोटे को बड़ा बनान है मूल मंत्र
पटवारी ने कहा कि इस महोत्सव का मूल उद्देश्य ‘छोटे को बड़ा बनाना’ है, जिससे क्षेत्रीय ब्रांड्स को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिल सके।
बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन सुरिंदर सिंह ने किया, जबकि स्वागत भाषण परमानंद जैन द्वारा दिया गया। इस अवसर पर कैट, युवा कैट, महिला कैट और ट्रांसपोर्ट विंग के अनेक पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में सभी व्यापारियों से महोत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और इस संदेश को व्यापक रूप से फैलाने का आह्वान किया गया।

