भिलाई, 09 अप्रैल। Bhilai Steel Plant Fire : भिलाई स्टील प्लांट के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 में मंगलवार (7 अप्रैल) को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 7 कर्मचारी घायल हो गए, जबकि कई कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने तक का जोखिम उठाया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धुएं और आग के बीच फंसे कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। कुछ कर्मचारी पाइप के सहारे नीचे उतरे, जबकि अन्य को साथियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
टर्बाइन में लगी थी आग, 7 घायल
बताया जा रहा है कि पावर प्लांट के STG-4 टर्बाइन में अचानक आग लग गई, जिसके बाद टर्बाइन हॉल में तेजी से धुआं फैल गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया और हालात भयावह हो गए।
सूचना मिलते ही संयंत्र की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियों ने करीब 11:10 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इसके बाद इलाके को पूरी तरह कूलिंग किया गया।
एहतियात के तौर पर 2 नियमित कर्मचारियों और 5 संविदा श्रमिकों को सेक्टर-9 अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

