मथुरा, 10 अप्रैल। Mathura Boat Accident : वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। केशी घाट के पास एक स्टीमर पलट गया, जिसमें सवार करीब 25 लोग हादसे का शिकार हो गए।
10 की मौत, कई अब भी लापता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब एक दर्जन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि लुधियाना से करीब 30 लोग घूमने के लिए वृंदावन आए थे और यमुना में बोटिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्टीमर अनियंत्रित होकर पलट गया और लोग नदी में गिर पड़े।
क्या बोले डीएम?
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2:45 बजे यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। प्रशासन ने तुरंत आर्मी स्टेशन से भी मदद मांगी है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। गोताखोरों की मदद से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 13 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें 8 की हालत गंभीर है जबकि 5 सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस का बयान
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि अब तक 22 लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती शक है कि पास में चल रहे पीपा पुल के मरम्मत कार्य की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है।
अस्पताल अलर्ट पर
प्रशासन ने रामकृष्ण मिशन अस्पताल समेत सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने (Mathura Boat Accident) हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी बात कही गई है।

