नई दिल्ली, 12 फरवरी। Sexuality And Identity : पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ के बेटे आर्यन बांगड़ ने अपनी नई पहचान अनाया बांगड़ के रूप में सामने आकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। अनाया बांगड़ ने अपनी जेंडर-रिसाइनमेंट सर्जरी (Gender Reassignment Surgery) के बारे में सार्वजनिक रूप से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वह 14 मार्च को बैंकॉक में अपनी सर्जरी कराएंगी, जिससे वह पूरी तरह से अपनी असली पहचान को अपनाने में सक्षम होंगी। अनाया ने इस फैसले को एक वीडियो के जरिए साझा किया और कहा कि यह सर्जरी ट्रांसवूमन को उनके शरीर और पहचान के बीच सामंजस्य स्थापित करने में मदद करती है।
अनाया ने इंस्टाग्राम पर भी इस बारे में विस्तार से पोस्ट किया और यह साफ किया कि यह निर्णय किसी अचानक के नहीं बल्कि कई वर्षों की मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, थेरेपी, हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) और अन्य सर्जिकल प्रक्रियाओं के बाद लिया गया है। उन्होंने अपने शरीर में बदलाव के इस सफर को पूरी तरह से चिकित्सीय मार्गदर्शन और कानूनी ढांचे के तहत लिया है।
सर्जरी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए, अनाया ने कहा कि यह सर्जरी प्रसिद्ध सर्जन डॉ. चेट्टावुट द्वारा की जाएगी, जो स्किन ग्राफ्ट वैजिनोप्लास्टी प्रक्रिया का हिस्सा है। सर्जरी के बाद रिकवरी प्रक्रिया लंबी हो सकती है और इसमें लगभग एक साल तक का समय लग सकता है।
अनाया ने इस कदम को अपने शरीर में सुख और आत्म-संप्रेरणा प्राप्त करने के उद्देश्य से लिया है, न कि किसी को कुछ साबित करने के लिए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार, खासकर पिता का भावनात्मक और वित्तीय समर्थन उनके लिए महत्वपूर्ण है और इस यात्रा में उनका साथ सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया है।
क्या है जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी
जेंडर असाइनमेंट सर्जरी को सेक्स चेंज सर्जरी, जेंडर अफरमेशन सर्जरी, या सेक्स रीअसाइनमेंट सर्जरी भी कहा जाता है। कुछ लोग जन्म के समय अपने तय जेंडर से खुद को नहीं जोड़ पाते। उन्हें दो चीज़ें महसूस होती हैं- क्या मैं लड़की हूँ लेकिन मेरा शरीर लड़के जैसा है (ट्रांस महिला) या मैं लड़का हूँ लेकिन मेरा शरीर लड़की जैसा है (ट्रांस पुरुष)।
इससे बहुत ज़्यादा मानसिक परेशानी होती है, जिसे जेंडर डिस्फोरिया कहते हैं। जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी में डॉक्टर सर्जरी से शरीर को इस तरह बदलते हैं कि वह व्यक्ति की असली जेंडर पहचान दिखाए, ताकि शरीर और मन दोनों एक जैसे दिखें और व्यक्ति आराम महसूस करे।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ़ मेडिसिन पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इनमें ऊपरी (छाती) और निचले (जेनिटल) हिस्से की सर्जरी शामिल हैं, जो ट्रांसजेंडर और नॉन-बाइनरी लोगों के लिए ज़रूरी और अक्सर जान बचाने वाले बदलाव के हिस्से होते हैं।
अनाया बांगड़ का क्रिकेट सफर
अनाया ने क्रिकेट के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने मुंबई के स्थानीय क्लब क्रिकेट से शुरुआत की और महज 18 साल की उम्र में इंग्लैंड की लीसेस्टरशायर लीग में हिंकले क्रिकेट क्लब का प्रतिनिधित्व किया। 2019 में, अनाया ने नेशनल अंडर-19 (कूच बिहार ट्रॉफी) में पुडुचेरी की ओर से शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने 5 मैचों में 150 के सर्वोत्तम स्कोर और दो अर्धशतकों की मदद से 300 रन बनाए और 20 विकेट भी लिए।
अंत में, अनाया ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए बहुत कठिन रही है, जिसमें उन्होंने तकलीफ, खर्चा और अकेलापन सहा, लेकिन इस सफर का हिस्सा बने रहकर, अपने वास्तविक स्वरूप को अपनाने के साथ-साथ उनका विश्वास भी मजबूत हुआ।

