Rajya Sabha : राज्यसभा की राह पर भूपेश बघेल…? सियासत गरमाई…स्वास्थ्य मंत्री की बधाई से तेज हुई अटकलें

Rajya Sabha : राज्यसभा की राह पर भूपेश बघेल…? सियासत गरमाई…स्वास्थ्य मंत्री की बधाई से तेज हुई अटकलें

रायपुर, 19 फरवरी। Rajya Sabha : छत्तीसगढ़ की सियासत में इन दिनों एक बड़ी चर्चा जोरों पर है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी हाईकमान उन्हें राज्यसभा में भेजने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

छत्तीसगढ़ से खाली होने वाली हैं दो सीटें

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटें खाली होने वाली हैं, जिसके चलते सियासी हलचल और बढ़ गई है। इन चर्चाओं को उस वक्त और बल मिला जब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भूपेश बघेल को अग्रिम बधाई तक दे डाली। हालांकि इस पूरे मामले पर न तो कांग्रेस पार्टी की ओर से और न ही भूपेश बघेल की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि अगर भूपेश बघेल को राज्यसभा भेजा जाता है तो यह पार्टी की रणनीतिक चाल हो सकती है, खासकर लोकसभा चुनाव के बाद बदलते सियासी समीकरणों को देखते हुए।

वहीं, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिसे चाहे राज्यसभा भेजे, लेकिन उन्हें जनता को यह बताना चाहिए कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए आखिर किया क्या है।

अब निगाहें टिकी हैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर। क्या पार्टी भूपेश बघेल को राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका देगी? या फिर यह सिर्फ सियासी अटकलें हैं? फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि इस चर्चा ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है।

16 मार्च को होगी वोटिंग और उसी दिन आएंगे नतीजे

बता दें कि, राज्यसभा की इन सीटों के लिए 16 मार्च 2026 को मतदान कराया (Rajya Sabha) जाएगा। वोट डालने का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक तय किया गया है। मतदान खत्म होने के ठीक बाद उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। चुनाव के परिणाम भी उसी दिन देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे जिससे यह साफ हो जाएगा कि छत्तीसगढ़ के कोटे से कौन से दो नेता संसद के ऊपरी सदन में पहुंचेंगे। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 20 मार्च तक संपन्न कर ली जाएगी।

About The Author

Political छत्तीसगढ