कानपुर देहात, 22 फरवरी। Car falls Pond : शिवली थाना क्षेत्र के बैरी सवाई गांव के पास शिवली-कल्याणपुर रोड पर देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ओमनी कार तालाब में जा गिरी। कार में एक ही परिवार के 10 लोग सवार थे। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कानपुर नगर के कल्याणपुर निवासी राज किशोर अपने परिवार के साथ औरैया से तेरही कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। रात का समय होने के कारण काफी देर तक चीख-पुकार मची रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी 10 लोगों को बाहर निकाला गया।
CM ने लिया संज्ञान
अस्पताल में डॉक्टरों ने राज किशोर, स्नेहलता, हिमांशु और शिव अग्निहोत्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं रितिका, वाणी, सुधा, कान्हा और चालक का इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
लगातार हादसों से ‘खूनी सड़क’ बनी शिवली–कल्याणपुर रोड
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क अब खूनी सड़क की शक्ल अख्तियार करती जा रही है। 12 फरवरी को धीरेन्द्र नामक युवक की बाइक सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई थी। पूरी रात तड़पने के बाद सुबह उसकी मौत हो गई थी। 6 फरवरी को इसी मार्ग पर गोण्डा से लौट रहे राधेश श्रीवास्तव, मुमु श्रीवास्तव और करिया की कार रामगंगा नदी में गिर गई थी, जिसमें तीनों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसों की वजह
रसूलाबाद–शिवली–कल्याणपुर मार्ग सिंगल रोड है और कानपुर नगर जाने का प्रमुख मार्ग भी। भारी और व्यावसायिक वाहनों का दबाव, तेज रफ्तार, सड़क किनारे नहर-तालाब और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की कमी हादसों को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क चौड़ीकरण, सुरक्षा बैरियर और प्रकाश व्यवस्था की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो हादसों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई और जांच जारी है।

