रायपुर, 22 फरवरी। Lakheswar Baghel : छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़े फैसले लिए हैं। पार्टी ने सदन में रणनीति को और धारदार बनाने के उद्देश्य से उपनेता प्रतिपक्ष और व्हिप पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है।
प्रदेश कांग्रेस ने बस्तर से विधायक लखेश्वर बघेल को विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। वहीं दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) और दिलीप लहरिया को उप सचेतक (डिप्टी व्हिप) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को आगामी बजट सत्र के मद्देनजर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
23 फरवरी को विधायक दल की अहम बैठक
बजट सत्र की तैयारियों को लेकर सोमवार, 23 फरवरी को शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और सभी कांग्रेस विधायक मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में बजट सत्र के दौरान प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने, जनहित से जुड़े सवालों को जोरदार तरीके से उठाने और सदन के भीतर एकजुट रणनीति के साथ आगे बढ़ने पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि नई टीम और नई रणनीति के साथ वह विधानसभा में जनता की आवाज़ को पूरी मजबूती से उठाएगी।


