Class Topper Rapido Rider : क्लास का टॉपर निकला रैपिडो राइडर…! मुलाकात ने सिखाया जिंदगी का बड़ा सबक…नंबर और डिग्री तय नहीं करते भविष्य…सोशल मीडिया पर इमोशनल कहानी वायरल…यहां देखें

Class Topper Rapido Rider : क्लास का टॉपर निकला रैपिडो राइडर…! मुलाकात ने सिखाया जिंदगी का बड़ा सबक…नंबर और डिग्री तय नहीं करते भविष्य…सोशल मीडिया पर इमोशनल कहानी वायरल…यहां देखें

नई दिल्ली, 05 मार्च। Class Topper Rapido Rider : शहर की भीड़भाड़ भरी शाम थी। ऑफिस से लौटने की जल्दी में एक युवक ने मोबाइल निकाला और जल्दबाज़ी में रैपिडो से बाइक राइड बुक कर ली। कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर राइडर का नाम चमका ‘चंदन’।

स्कूल का टॉपर आज चला रहा रैपिडो

नाम पढ़ते ही युवक के मन में जैसे अतीत की एक खिड़की खुल गई। उसे अपने स्कूल का वह लड़का याद आया जो हर साल क्लास में पहला आता था। शांत स्वभाव, तेज दिमाग और हर टीचर की उम्मीद, वही चंदन। पहले तो युवक ने सोचा, ‘यह सिर्फ नाम की समानता होगी।’ लेकिन जब कुछ ही देर बाद बाइक लेकर राइडर सामने आकर रुका, तो उसकी आंखें ठहर गईं। वह सच में वही चंदन था।

कुछ सेकंड के लिए दोनों की नजरें मिलीं। जैसे वक्त अचानक कई साल पीछे चला गया हो। लेकिन अगले ही पल चंदन मुस्कुराया और बिल्कुल सामान्य अंदाज में बोला, ‘पहले ओटीपी बता दो।’ युवक हल्के से हंस पड़ा, लेकिन उसके दिल में कई सवाल उमड़ने लगे। बाइक चल पड़ी। शहर की सड़कों पर हवा के साथ-साथ पुरानी यादें भी बहने लगीं। कुछ मिनट बाद युवक खुद को रोक नहीं पाया। ‘यार…तुमने रैपिडो कब से चलाना शुरू किया?’

चंदन ने कुछ पल चुप रहकर अपनी गति से गाड़ी चलाते-चलाते ही बहुत शांत आवाज़ में कहा, जिंदगी हमेशा हमारी योजना के मुताबिक नहीं चलती, दोस्त…लेकिन कोई बात नहीं। उसके चेहरे पर कोई शिकायत नहीं थी। न अफसोस, न हार का एहसास। बस एक सादगी भरी मुस्कान। कुछ देर बाद उसने हल्के मजाक में कहा- ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं राइडर बनूंगा…और तुम मेरे ग्राहक बनोगे। जिंदगी बड़ी अनिश्चित है। अब आराम से बैठो, मैं तुम्हें सुरक्षित छोड़ देता हूं।’ उस पल युवक के मन में एक गहरी बात उतर गई।

स्कूल के दिनों में सबको लगता था कि टॉपर चंदन ही जिंदगी में सबसे आगे जाएगा। लेकिन जिंदगी की किताब में सिर्फ नंबर ही कहानी नहीं लिखते। हालात, जिम्मेदारियां, किस्मत और मौके, ये सब मिलकर इंसान का रास्ता तय करते हैं। राइड खत्म हुई तो युवक ने पैसे देने के लिए मोबाइल निकाला। तभी चंदन मुस्कुराते हुए बोला- ‘चिंता मत करो… किराया ऐप में चला जाएगा।’ दोनों हंस पड़े, लेकिन उस हंसी में एक सच्चाई छिपी थी।

यह मुलाकात शायद कुछ ही मिनटों की थी, मगर उसने एक बड़ा सबक दे दिया, किसी की आज की स्थिति देखकर उसके पूरे सफर का अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता। क्योंकि जिंदगी की सड़क पर हर इंसान अपनी-अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। और सच यही है, कोई भी काम छोटा नहीं होता, अगर उसे ईमानदारी और आत्मसम्मान के साथ किया जाए।

डिग्री से नहीं तय होती जिंदगी की मंजिल

उस मुलाकात ने युवक को गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया। अक्सर हम यह मान लेते हैं कि जो छात्र स्कूल या कॉलेज में टॉपर होता है, वही आगे चलकर जिंदगी में सबसे ज्यादा सफल होगा। लेकिन वास्तविकता हमेशा इतनी सीधी नहीं होती। कई बार ऐसा होता है कि कम पढ़े-लिखे लोग भी अपनी मेहनत, हिम्मत और सही मौके की बदौलत बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंच जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ, कई डिग्रियां और शानदार अंक होने के बावजूद कुछ लोगों को वह मुकाम नहीं मिल पाता जिसकी उनसे उम्मीद की जाती है।

असल में जिंदगी केवल मार्क्स या डिग्री से तय नहीं होती। इंसान की राह को कई और चीजें भी प्रभावित करती हैं, जैसे पारिवारिक जिम्मेदारियां, आर्थिक हालात, समय पर मिले अवसर और किस्मत का साथ। यह कहानी हमें यही याद दिलाती है कि किसी व्यक्ति की मौजूदा स्थिति देखकर उसके पूरे जीवन के संघर्ष और सफर का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। हर इंसान अपने हालात से लड़ते हुए आगे बढ़ता है और हर किसी की मंजिल तक पहुंचने का रास्ता अलग होता है।

इसलिए सबसे जरूरी है मेहनत, ईमानदारी और आत्मसम्मान के साथ काम करना। क्योंकि सम्मान के साथ किया गया हर काम अपने आप में बड़ा होता है।

वायरल पोस्ट पर लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं

यह कहानी X पर ‘भारत माता के सेवक’ नाम के अकाउंट से शेयर की गई। पोस्ट के आखिर में एक संदेश भी लिखा गया था,
‘नंबर, डिग्री या टॉपर होना भविष्य की गारंटी नहीं है। कोई भी काम छोटा नहीं होता। अगर ईमानदारी से काम किया जाए, तो हर काम सम्मानजनक होता है।’

पोस्ट वायरल होते ही लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने लिखा, जिंदगी पल भर में बदल सकती है।

वहीं कुछ लोगों का कहना था, सफलता कभी भी सीधी लाइन में नहीं मिलती, हालात कभी भी करवट ले सकते हैं।

कई यूजर्स ने अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों को याद करते हुए ऐसी ही कहानियां साझा कीं।

कुछ ने बताया कि उनके क्लास के टॉपर्स आज अलग-अलग कारणों से सामान्य नौकरियां कर रहे हैं, जबकि कुछ औसत छात्र जिंदगी में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।

About The Author

राष्ट्रीय